आईआईए प्रतिनिधिमंडल का अरुणाचल-असम दौरा, आईआईए ने किए 16 महत्वपूर्ण समझौते

IIA delegation visits Arunachal-Assam, IIA signs 16 important agreements

सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल जी के नेतृत्व में आईआईए के 25 सदस्यों के परिवारों का एक प्रतिनिधिमंडल अरुणाचल प्रदेश (गुवाहाटी) स्थित अरुणाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडीज के दौरे पर गया।
इस अवसर पर आईआईए के सदस्यों द्वारा विश्वविद्यालय के साथ 16 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री पासंग दोरजी सोना स्थानीय जिले नामसाई के दो विधायक एवं एक अन्य विधायक, विश्वविद्यालय की प्रेजिडेंट गार्गी लोचन, चेयरमैन अश्वनी लोचन, वाइस चांसलर मि. झा तथा विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। इन सभी गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में आईआईए के सदस्यों द्वारा 16 एमओयू हस्ताक्षर हुए। इसके पश्चात आईआईए का प्रतिनिधिमंडल परिवार सहित असम (गुवाहाटी) के महामहिम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य जी के आतिथ्य में लोक भवन असम (गुवाहटी) मे पहुँचा, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल की उपस्थित मे असम के आयुक्त उद्योग नरेंद्र शाह (आईएएस) ने असम के औद्योगिक विकास, उन्नति एवं तीव्र प्रगति पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने भी अपने संबोधन में संस्था की गतिविधियों, उद्योगों के विकास तथा उद्योग शिक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आईआईए द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत महामहिम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों का स्वागत करते हुए असम राजभवन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सहारनपुर से आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मिगलानी, विन्नी मिगलानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जोन हेड संजीव अरोड़ा, रचना अरोड़ा, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल तथा राजेश सपरा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। दौरे के अंतिम चरण में सभी सदस्यों ने गुवाहाटी मे स्थित माता कामाख्या देवी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दौरा उद्योग एवं शिक्षा के मध्य सहयोग को सुदृढ़ करने के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों के औद्योगिक विकास की संभावनाओं को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *