नकुड़ में भीषण सड़क हादसा, तीन बाइकों की टक्कर में शिक्षक की दर्दनाक मौत

Horrific road accident in Nakur, teacher dies tragically in collision between three bikes

सहारनपुर। थाना नकुड़ क्षेत्र के अंतर्गत शेरमऊ मिल रोड पर शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। ग्राम भगवानपुर के पास तीन बाइकों की आपस में हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक शिक्षक की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब शेरमऊ मिल रोड पर तीन मोटरसाइकिलें विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रफ्तार तेज होने के कारण चालक संतुलन खो बैठे और तीनों बाइकों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून ही खून हो गया। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल नकुड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान ही नकुड़ निवासी मास्टर आबिद मिर्जा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर किया जा रहा है। मास्टर आबिद मिर्जा की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही नकुड़ पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे हंसता-खेलता परिवार छोड़ गए हैं। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आबिद मिर्जा एक मृदुभाषी और सम्मानित व्यक्ति थे, जिनकी कमी क्षेत्र को हमेशा खलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *