सहारनपुर। एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मंडी थाना क्षेत्र की खाता खेड़ी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पर एक मामले में कार्रवाई के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित इमरान मलिक ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत में बताया गया कि पुलिसकर्मी उसके भाई को परेशान कर रहा था और मामले से राहत दिलाने के बदले 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था। पीड़ित इमरान मलिक के मुताबिक, उसका भाई फैजान किसी मुकदमे में नामजद नहीं था, फिर भी उसे दबाव बनाकर परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि होली के दिन भी पुलिस ने उसके भाई को उठाया था और बाद में पैसे देने का दबाव बनाया गया। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की गोपनीय जांच की और ट्रैप की योजना तैयार की। योजना के तहत शिकायतकर्ता को 15 हजार रुपये देकर आरोपी पुलिसकर्मी के पास भेजा गया। जैसे ही हेड कांस्टेबल विनोद कुमार ने चौकी पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे तुरंत रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को थाना सदर बाजार ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
15 हजार की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार