सहारनपुर। दिव्य ज्योति जागृती संस्थान की ओर से टीचर कॉलोनी, देवबंद स्थित मंदिर परिसर में आज दिनांक 5 अप्रैल से तीन दिवसीय हरि कथा का भव्य आयोजन आरंभ किया गया। इस पावन अवसर पर संस्थान के संस्थापक सर्वश्री आशुतोष महाराज जी की शिष्याएं साध्वी अम्बालिका भारती, पूजा भारती एवं सोमप्रभा भारती ने श्रद्धालुओं को श्री हरि कृपा के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कराया।
कथा के दौरान साध्वी जी ने विशेष रूप से भक्त ध्रुव के जीवन का अत्यंत प्रेरणादायक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार बालक ध्रुव ने विपरीत परिस्थितियों में भी अटूट विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ कठोर तपस्या की। उनकी निष्कपट भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान श्री हरि ने उन्हें दर्शन दिए और अमर ध्रुव पद प्रदान किया।
वक्ता ने समझाया कि सच्ची भक्ति में उम्र या परिस्थिति कोई बाधा नहीं होती। यदि मन में श्रद्धा, धैर्य और अडिग विश्वास हो, तो भगवान अवश्य कृपा करते हैं। ध्रुव जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि कठिनाइयों के बावजूद यदि हम अपने लक्ष्य और भगवान के प्रति समर्पित रहें, तो सफलता और कृपा दोनों प्राप्त होती हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। आयोजन के आगामी दिनों में भी विभिन्न दिव्य प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
अटूट विश्वास और दृढ़ संकल्प से ही प्राप्त होती है ईश्वर की कृपाः साध्वी पूजा भारती