सहारनपुर। जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के संकल्प के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आज पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। प्रतिदिन की भांति आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के कोने-कोने से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं को सीधे कप्तान के सामने रखा।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से जमीन संबंधी विवाद, आपसी रंजिश, घरेलू हिंसा और आपराधिक मामलों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। एसएसपी ने प्रत्येक फरियादी की बात को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर ही संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन कर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व फोन के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से सम्मानजनक व्यवहार किया जाये, थाने आने वाले हर व्यक्ति के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। जांच में किसी भी प्रकार का पक्षपात, राजनीतिक या बाहरी दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायतों के निस्तारण के बाद पीड़ित से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए कि वह पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट है या नहीं। निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि जमीन पर दिखना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य जनता की सेवा करना है। हमारा उद्देश्य आम जनमानस में सुरक्षा का भाव पैदा करना और पुलिस की कार्यप्रणाली को पूरी तरह जवाबदेह बनाना है।
पुलिस कार्यालय में हुई इस त्वरित जनसुनवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से थानों के चक्कर काट रहे थे। अधिकारियों की इस सक्रियता और संवेदनशील रवैये ने पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।
थाने आने वाले हर फरियादी से हो सम्मानजनक व्यवहार, लापरवाही पर होगी कार्रवाई