सहारनपुर। ये न समझे कि शिक्षा से सिर्फ बच्चों का भविष्य बनता है, अगर माता-पिता बच्चों को अच्छी पढाई के साथ अच्छे संस्कार देने में चूक जाएं तो अच्छे नम्बर्स हासिल कर लेने पर भी बच्चों और बड़ों दोनों का भविष्य अंधकारपूर्ण हो जाता है। उक्त विचार आज यहां बेरीबाग स्थित नेशन बिल्डर्स एकेडमी के वार्षिक शिक्षा पुरस्कार प्रदान करते हुए महापौर डा.अजय कुमार सिंह ने व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि आज वैचारिक प्रदूषण के सुविधाभोगी युग में बच्चों को जीवन मूल्यों की शिक्षा दे पाना बडी चुनौती है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई की कि पढाई के साथ-साथ आज आचरण और सहगामी क्रियाओं में दक्षता के लिए भी बच्चों को बडी संख्या में पुरस्कृत किया गया। आयोजन को माता विद्यावती के पौत्र स. किरणजीत संधू और शिक्षाविद प्रो.एस.के.अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया। अपनी तरह के अनूठे नेशन बिल्डर्स एकेडमी के वार्षिक परीक्षा परिणाम में सबसे छोटा सबसे आगे की मिसाल कायम करते हुए यूकेजी के नन्हे बालक योगेन्द्र ने 95.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किये। जिसके लिए योगेन्द्र,जूनियर वर्ग में आस्था राव तथा सीनियर वर्ग में दिव्या को स्वर्ण पदक दिया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सम्मान के वातावरण में हुआ, जिसमें बडी संख्या में अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।
संस्कारों के बिना अधूरी है शिक्षा, अच्छे नंबरों के साथ अच्छे आचरण भी जरूरीः महापौर