सहारनपुर। शहर में पिछले कुछ दिनों से राशन कार्ड धारकों के नाम काटे जाने की खबरों को लेकर पार्षदों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ सपा नेता और पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के नेतृत्व में सर्वदलीय मजबूत पार्षद दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और पात्र लोगों के राशन कार्ड काटे जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
पार्षद टिंकू अरोड़ा ने कहा कि नगर में राशन डीलर उपभोक्ताओं को बुलाकर इनकम टैक्स रिटर्न की लिस्ट दिखा रहे हैं और उनके कार्ड काटने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी गरीब या मध्यम वर्गीय व्यक्ति केवल इसलिए रिटर्न भरता है ताकि वह अपने बच्चों की शिक्षा, बेटी के विवाह या छोटे कारोबार के लिए बैंक से ऋण ले सके। उन्होंने तकनीकी पक्ष रखते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 7 लाख रुपये और चालू वित्तीय वर्ष 2025-2026 में 12 लाख रुपये तक की आय पर छूट का प्रावधान है। ऐसे में केवल रिटर्न भरने के आधार पर किसी पात्र व्यक्ति का राशन रोकना न्यायसंगत नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि राशन डिपो होल्डरों को तत्काल आदेश जारी किए जाएं कि किसी भी पात्र व्यक्ति का राशन न रोका जाए।
राशन कार्ड के साथ-साथ पार्षदों ने शहर की कुछ गैस एजेंसियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि कुछ एजेंसियां उपभोक्ताओं को समय पर गैस न देकर परेशान कर रही हैं, जबकि गैस सिलेंडरों की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही है। पार्षदों ने गोपनीय तरीके से ऐसे लोगों के नाम उजागर करते हुए उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर पार्षद हाजी गुलशेर, पार्षद अहमद मलिक, पार्षद राजीव अन्नू, पार्षद नितिन जाटव, पार्षद नदीम अंसारी, पार्षद डॉ. एहतेशाम, पार्षद हाजी नूरआलम, पार्षद इमरान सैफी, पार्षद डॉ. मोहतसिन और पार्षद फराज अंसारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पात्र लोगों के राशन कार्ड काटे जाने पर पार्षदों का हल्लाबोल, जिला पूर्ति अधिकारी को दिया ज्ञापन