सेंटेनरी एजी चर्च में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ईस्ट

Centenary celebrated with reverence and joy at AG Church

सहारनपुर। सेंटेनरी एजी चर्च, गिल कॉलोनी, सहारनपुर में ईस्टर उत्सव एवं आराधना सभा बड़े हर्ष और आत्मिक उत्साह के साथ मनाई गई, जिसमें सैकड़ों विश्वासियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभा की शुरुआत पादरी राहुल राजन द्वारा प्रार्थना के साथ की गई, जिन्होंने परमेश्वर की उपस्थिति और आशीषों के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात आराधना का समय हुआ, जिसमें आशिष पिल्लई के नेतृत्व में चर्च के गायन दल ने प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान पर आधारित सुंदर गीत प्रस्तुत किए। गायन दल के सदस्य तान्या मैक्सवेल, अभिषेक, दुष्यंत, आकाश, रायन, एलेक्स और आशिष थे, जिनकी आराधना ने उपस्थित लोगों के हृदय को छू लिया।
सीनियर पादरी राजन पिल्लई ने प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान पर एक सामर्थी संदेश साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे यीशु की कब्र पर एक बड़ा पत्थर रखा गया था, जिसे रोमी शासन द्वारा सील किया गया था और जिसे कोई भी मनुष्य हटाने का अधिकार नहीं रखता था, परन्तु यीशु के पुनरुत्थान की सामर्थ से वह पत्थर हट गया। उन्होंने यह भी कहा कि यीशु मसीह मृत्यु पर जय पाने वालों में प्रथम फल बने। उन्होंने विश्वासियों को यह स्मरण कराया कि आज भी इस्राएल में यीशु की खाली कब्र उनके जीवित होने का प्रमाण है।
कार्यक्रम को और भी आनंदमय बनाते हुए चर्च के बच्चों ने एक सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया तथा युवाओं ने पुनरुत्थान पर आधारित एक प्रभावशाली कोरियोग्राफी प्रस्तुत की, जिसने सभी के मन को स्पर्श किया। अंत में समापन प्रार्थना के साथ सभा का समापन हुआ, जिसके बाद प्रेम भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर ईस्टर के इस आनंदमय पर्व को मनाया। यह आयोजन सभी के लिए एक यादगार और आत्मिक रूप से समृद्ध अनुभव रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *