आंगनबाड़ी केंद्र हुए आधुनिक, 665 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और कार्यकत्रियों को मिले स्मार्टफोन

Anganwadi centres modernised, 665 assistants received appointment letters and workers received smartphones.

सहारनपुर। विधायक गंगोह किरत सिंह, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी की उपस्थिति में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन एवं ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस के वितरण संबंधी एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण एवं संबोधन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। साथ ही नव-निर्मित आंगनवाड़ी केन्द्रों का लोकार्पण एवं कार्यकत्रियों को मोबाइल फोन तथा ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस का वितरण भी किया गया।
जनपद से नव चयनित 60 आंगनबाडी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। जनपद में कुल 336 मोबाईल फोन प्राप्त हुए है जिनमे से 60 आंगनबाडी कार्यकत्रियो को मंच पर मोबाईल फोन का वितरण किया गया। 10 आंगनबाडी कार्यकत्रियो को ग्रोथ मोनिटरिंग डिवाइसिस आंगनबाडी केन्द्रो हेतु वितरण की गयी एवं जनपद से कुल 31 आंगनबाडी केन्द्रों का शिलान्यास जनप्रतिनिधियो के द्वारा किया गया जिसमें आंगनबाडी केन्द्र ऊनाली, कपासी, नुनयारी, मछरोली, टोडरपुर इत्यादि का लोकार्पण किया गया।
विधाकय गंगोह किरत सिंह ने कहा कि जनपद के आंगनवाड़ी केन्द्रों को सशक्त आंगनवाड़ी केन्द्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। आंगनवाडी केन्द्रों को उन्नत किया जा रहा है जहां एलईडी स्क्रीन, आरओ पोषण वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं ईसीसीई किट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों को बेहतर वातावरण प्रदान करना, उनकी प्रारंभिक शिक्षा में रुचि बढ़ाना तथा कुपोषण को कम करना है। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी द्वारा बताया गया कि आंगनबाड़ी बहनों द्वारा मेहनत से काम करते हुए कुपोषण के स्तर में कमी की गयी है। साथ ही गरीब महिलाओं को अनुपूरक पोषाहार प्रदान किया गया है। आंगनवाड़ी केन्द्रों के आधुनिकीकरण की दिशा में कार्य करते हुए कार्यकत्रियों को मोबाइल फोन वितरित किए गए, जिससे कार्यों की निगरानी एवं क्रियान्वयन अधिक प्रभावी हो सके। इसके अतिरिक्त, बच्चों के पोषण स्तर की सटीक निगरानी हेतु प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र पर ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से 0-5 वर्ष तक के बच्चों की लंबाई एवं वजन का मापन किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में गत वर्ष पारदर्शिता के साथ 271 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति की गई थी, जबकि इस वर्ष 665 आंगनवाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति की गई है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। जनपद में पिछले वित्तीय वर्ष में 53 आंगनवाड़ी केन्द्रों का निर्माण पूर्ण किया गया है, जिनका आज लोकार्पण किया गया, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 117 केन्द्र निर्माणाधीन हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर मनिहारान, शहर, नानौता, जनपद की समस्त मुख्य सेविकाएं उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *