अतीक और मुख्तार के बाद अब प्रिंस खान का नंबर?

अतीक और मुख्तार के बाद अब प्रिंस खान का नंबर?

झारखंड : माफियाओं के खिलाफ पूरे देशभर में कार्रवाई हो रही है। उत्तर प्रदेश के माफिया अतीक अहमद (Atique Ahmed) और मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) के गैंग के काले कारनामों के खिलाफ लगातार उत्तर प्रदेश पुलिस एक्शन ले रही है। दोनों माफियाओं की अवैध संपत्ति कुर्क की जा चुकी , उनके गुर्गों को जेल में डाला जा चुका है। अतीक अहमद की तो मौत हो गई, लेकिन मुख्तार अंसारी जेल में सजा काट रहा है।
अब इस कड़ी में नया नाम शामिल हो चुका है प्रिंस खान का। प्रिंस खान उत्तर प्रदेश नहीं झारखंड का गैंगस्टर है। प्रिंस पहले वासेपुर के डॉन फहीम खान के लिए काम करता था, लेकिन धीरे-धीरे उसने अपना एक अलग गैंग तैयार कर लिया। धनबाद में इस गैंगस्टर के नाम से दर्जनों वारदातें दर्ज हैं। हत्या, लूटपाट, गोलीबारी, किडनैपिंग के कई वारदातों को इसने अंजाम दिया है। प्रिंस खान ने बाद में फहीम खान के ही एक गुर्गे महताब आलम का भी कत्ल कर दिया।

गैंगस्टर प्रिंस खान के 40 से ज्यादा गुर्गे गिरफ्तार

इस घटना के बाद पुलिस प्रिंस खान की तलाश कर रही थी। इसके 40 से ज्यादा गुर्गों को गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन प्रिंस फर्जी पासपोर्ट बनाकर दुबई फरार हो गया। प्रिंस ने हैदर अली के नाम से अपना पासपोर्ट बनाया था और ये भी बात सामने आई थी कि लोकल पुलिस के अधिकारियों ने ही उसकी मदद की थी। बाद में उन अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई थी।

दुबई में छुपा हुआ है वासेपुर का डॉन प्रिंस?

ये माना जा रहा है कि प्रिंस अभी भी शारजाहा या दुबई में ही छुपा हुआ है। दुबई में बैठकर ही पिछले छह महीने से ये अपना गैंग चला रहा है। अभी कुछ दिन पहले ही प्रिंस के गैंग ने कारोबारियों की दुकानों और शोरूम्स में फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा इसका गैंग कई हत्याओं को लूटपाट की घटनाओं को भी कर रहा था। अब पुलिस ने इस पर कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

अब ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस पहुंची प्रिंस के घर

अब इंटरपोल ने प्रिंस खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। इस गैंगस्टर के खिलाफ भी उसी अंदाज में कार्रवाई हो रही है जिस अंदाज में यूपी में माफियाओं के खिलाफ की जाती है। इसके अलावा पुलिस ने प्रिंस के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया है। पुलिस की एक टीम ढोल-नगाड़ों के साथ इसके घर पहुंची और वहां पर एक नोटिस चिपकाया गया है।

अगर 30 दिन में सरेंडर नहीं करता तो अब होगी कुर्की

प्रिंस खान को सरेंडर करने के लिए एक महीने का वक्त दिया गया है। दरअसल 30 दिन बाद उसकी कोर्ट में पेशी होनी है और अगर प्रिंस खान पेश नहीं होता तो उसकी कुर्की की जाएगी। प्रिंस खान का भाई गोपी खान भी उसके गैंग में उसका साथ दे रहा है और वो भी फरार है। देखना ये है कि क्या तीस दिन के अंदर ये दोनों गैंगस्टर सरेंडर करते हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *