महंगाई की मार के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Aam Aadmi Party protested against inflation and sent a memorandum to the President.

सहारनपुर। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी जिला सहारनपुर के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से गंभीर रूप से परेशान है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि महंगाई केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम है, जिसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि से आम जनता के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में देश के विभिन्न हिस्सों से सामने आ रहे आंकड़ों का भी जिक्र किया गया। बताया गया कि मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और लगभग 50 प्रतिशत के बंद होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, जबकि पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
इसके अलावा गुजरात के मोरबी में लगभग 650 उद्योगों में से करीब 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे लगभग एक लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इस संकट के कारण देशभर में लगभग एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भारत में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते आता है। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान हो रहा है। साथ ही गैस क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में कई जगह तीन गुना तक वृद्धि होने के आरोप भी सामने आए हैं, जिसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर 14 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से दिनेश शर्मा, आदित्य गर्ग, राजेश तायला, शहजाद मलिक, धर्मपाल, महताब, अंकित, सुशील जैन, हरपाल सिंह, मिथुन सूर्यवंशी, अलीना, निजात हुसैन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *