सहारनपुर। थाना तीतरों पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 6 मोबाइल, साढ़े नौ हजार रूपए की नगदी एवं एक स्क्रू ड्राइवर सेटबॉक्स बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। मिली जानकारी के अनुसार 27 मार्च को वादी नितिन कुमार पुत्र कलीराम निवासी आबादगढ़ थानाभवन जनपद शामली ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। थाना तीतरों पुलिस ने आज थाना प्रभारी विकास चारण एवं उपनिरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों अहसान उर्फ हसन पुत्र हुसैन निवासी ग्राम पांडोली थाना नागल, शाकिब पुत्र तालिब निवासी संगम विहार कालोनी खाताखेड़ी थाना मंडी व मोहम्मद माजिद पुत्र मो. फाजिल निवासी इंद्रा कालोनी कस्बा व थाना बेहट को सालियर नहर पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए छह मोबाइल, 9500 रूपए व 1 स्क्रू ड्राइवर सेटबॉक्स बरामद कर लिया। दबोचे गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि हमने 27 मार्च को एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से मोबाइल छीनी था। बाकी मोबाइल पूर्व में घटनाओं को अंजाम देकर छीने थे। पुलिस ने आरोपियों का बीएनएस की धारा-305(4) में चालान कर जेल भेज दिया।
मोबाइल छिनैती करने वाले 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार